
शुक्रवार को दानापुर व्यवहार न्यायालय परिसर को खाली करा दिया गया। पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुरक्षा को देखते हुए दानापुर के साथ-साथ पटना सिटी और मसौढ़ी समेत दूसरे कोर्ट परिसरों को भी अलर्ट किया गया है। बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक परिसर में हलचल मच गई. सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और मुख्य गेट बंद कर लोगों की आवाजाही रोक दी गयी।
जानकारी के लिए बता दे कि सुरक्षा टीमों की ओर से पूरे न्यायिक परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। जांच पूरी होने तक परिसर में प्रवेश पर रोक लगायी गयी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी की सूचना को लेकर सभी जरूरी सावधानियां बरत रही हैं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कोर्ट भवन, पार्किंग और आसपास के हिस्सों की भी जांच की जा रही है।
अधिवक्ता संघ दानापुर के महासचिव अनिल कुमार अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जिला जज को सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला था। खबर मिलते ही कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी धमकियों से न्यायिक काम पर असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की तलाशी पूरी होने और हालात सामान्य होने के बाद ही न्यायिक काम शुरू किया जाएगा।