
दानापुर, पटना | 10 अक्टूबर 2026
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर 2026 को हमारी लाडो फाउंडेशन, दानापुर छावनी परिषद एवं मेडिवर्सल के संयुक्त तत्वावधान में 5 किलोमीटर की मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के प्रति जागरूकता फैलाना था।

इस मिनी मैराथन में दानापुर प्रखंड के बलदेव विद्यालय, घनश्याम बालिका विद्यालय, रामजीचक मध्य विद्यालय, नासरीगंज मध्य विद्यालय, लाल कोठी मध्य विद्यालय, कस्तूरबा मध्य विद्यालय सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री राहुल कुमार एवं दानापुर छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। दोनों अधिकारियों ने बच्चों के साथ दौड़ में भाग लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। मैराथन का समापन बैरक मैदान में हुआ।

समापन समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अपनी अन्य प्रतिभाओं का भी प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें बड़े सपने देखने चाहिए, क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का प्रेरणादायक नारा रहा— “लड़की भागे, सबसे आगे!”
मैराथन के दौरान बच्चों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर फल, लस्सी और शरबत की व्यवस्था की गई। दौड़ पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को केला, लस्सी एवं नाश्ता भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने प्रेमलता पुनिया, राजनंदिनी तथा हमारी लाडो फाउंडेशन के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी बालिकाओं और बच्चों के हित में इस प्रकार के आयोजन करते रहने का आग्रह किया तथा छावनी परिषद की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

यह मिनी मैराथन बालिकाओं के आत्मविश्वास, समान अवसर, स्वास्थ्य और खेल भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही। कार्यक्रम ने बच्चों को यह संदेश दिया कि मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।