दानापुर में बिरसा मुंडा चौक का उद्घाटन, आदमकद प्रतिमा का हुआ अनावरण

दानापुर, पटना। छावनी परिषद दानापुर की ओर से आज दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल के पास बिरसा मुंडा चौक के निर्माण का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छावनी परिषद दानापुर के अध्यक्ष एवं डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर अमित बेदी रहे। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर चौक का उद्घाटन किया।


इस अवसर पर ब्रिगेडियर अमित बेदी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा देश के वीर सपूत और महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उनकी प्रतिमा स्थापित करने का उद्देश्य युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा देना है, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन से सीख लेकर देश और समाज के विकास में अपना योगदान दे सके।
उन्होंने बताया कि इसी स्थान पर टेम्पो स्टैंड का भी निर्माण कराया गया है, जिसे जल्द ही आम जनता के उपयोग के लिए शुरू किया जाएगा।
ब्रिगेडियर अमित बेदी ने छावनी क्षेत्र के लोगों से विकास कार्यों में सहयोग करने और अपने सुझाव छावनी परिषद कार्यालय तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दानापुर शहर यहां के लोगों का है और इसे स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। आम जनता के सहयोग के बिना विकास कार्यों को गति देना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से सफाई, नाला निर्माण और अन्य विकास कार्यों में छावनी परिषद का पूरा सहयोग करने का आह्वान किया।
जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय के दरवाजे खुले: वरुण कुमार
कार्यक्रम में छावनी परिषद दानापुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री वरुण कुमार ने कहा कि आम जनता के लिए उनका कार्यालय हमेशा खुला है। यदि किसी नागरिक को कोई परेशानी है, कोई सुझाव देना है या विकास से संबंधित कोई समस्या है, तो वह कार्यालय आकर उनसे मिल सकता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं को नियमानुसार और उनके सुझावों को ध्यान में रखते हुए दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद जनता की अपनी संस्था है और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव है।
भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा की स्थापना और बिरसा मुंडा चौक का उद्घाटन दानापुर छावनी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे आने वाली पीढ़ियों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और देशभक्ति से प्रेरणा मिलेगी। वहीं, प्रस्तावित टेम्पो स्टैंड के शुरू होने से आम लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *