रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया ग्रैंड पेरेंट्स डे

पटना। रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल, पटना में 25 सितंबर 2026 को अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ ग्रैंड पेरेंट्स डे मनाया गया। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य परिवार की वरिष्ठ पीढ़ी के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम की भावना को सुदृढ़ करना तथा बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और गहरा करना था।

विद्यालय में पधारे ग्रैंड पैरेंट्स का बच्चों ने पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर और स्नेहपूर्वक बनाए गए स्वागत-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया। बच्चों की आत्मीयता और उत्साह ने पूरे वातावरण को भावपूर्ण और मनमोहक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस आयोजन में वरिष्ठ अतिथियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें ‘बॉल इन द बास्केट’, ‘कलर फन चैलेंज’, ‘वन हैंड पेपर चैलेंज’ तथा ‘म्यूज़िकल बॉटल’ जैसी गतिविधियों ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया। खेलों में दादा-दादी एवं नाना-नानी सहित बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। बच्चों ने भी अपने प्रिय वरिष्ठजनों को उमंग एवं जोश के साथ प्रोत्साहित किया।

इसके पश्चात छात्रों ने संगीत और नृत्य की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और पीढ़ियों के बीच प्रेम एवं सम्मान की सुंदर झलक दिखाई दी। बच्चों की प्रतिभा और वरिष्ठजनों के चेहरे पर दिखाई देती प्रसन्नता ने समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा सिन्हा ने भारतीय परिवार की खूबियों को रेखांकित करते हुए कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी केवल परिवार के वरिष्ठ सदस्य ही नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, संस्कारों और अनुभवों के जीवंत स्रोत हैं। उनके साथ बिताया गया प्रत्येक पल बच्चों के लिए सीख और सुंदर स्मृतियों का अमूल्य खजाना है।

समारोह का वातावरण प्रेम, अपनत्व और पीढ़ियों के सुंदर मिलन से सराबोर रहा। यह आयोजन बच्चों के लिए अपने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और भावनात्मक जुड़ाव को अनुभव करने का एक अविस्मरणीय अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *